शुक्रवार, 15 अगस्त 2014

पहले ही भाषण में दीवार गिरा दी मोदी ने!

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाल किले से पहला कैसा होगा, इसको लेकर मीडिया और लोगों के मन में तरह-तरह के कयास थे। और आज उनके पहले भाषण के साथ उन कयासों पर विराम लग गया। उनके पहले भाषण में कई विशेषताएं रहीं, उन पर तमाम चैनलों पर चर्चा शुरू हो चुकी है। लेकिन मुझे इस भाषण में आज तीन बातें खास लगीं, जो पूर्व प्रधानमंत्रियों में नहीं दिखीं।

गिर गई दीवार
प्रधानमंत्री मोदी के लाल किले से पहले भाषण में सबसे उल्लेखनीय बात ये रही कि सरकार और जनता के बीच खड़ी उस कांच की दीवार गिरा दिया गया जो दशकों से सुरक्षा के नाम पर प्रधानमंत्री और लोगों के बीच खड़ी कर दी जाती थी। देखने में ये बहुत सामान्य लगे लेकिन ये बहुत असामान्य घटना है। वह कांच की बुलेट प्रूफ दीवार आम लोगों के दिलों में एक असुरक्षा का भाव पैदा करती थी। बचपन में उस दीवार को देखकर यही भाव आते थे कि जब देश का प्रधानमंत्री ही सुरक्षित नहीं तो आम लोग खुद को कैसे सुरक्षित मान लें। वह दीवार हमारी सुरक्षा व्यवस्था पर एक प्रश्नचिन्ह थी, जिसे आज नरेंद्र मोदी ने हटा दिया। 

मुझे याद आता है कि इस दीवार को हटाने का प्रयास पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने भी किया था। जिस दिन वाजपेयी ने लाल किले से अपना पहला भाषण दिया था उसके अगले दिन अखबार में सूत्रों के हवाले से एक खबर आई थी कि उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों के समक्ष बुलेट प्रूफ केबिन हटाने की बात रखी थी। लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा में कोई भी जोखिम उठाने से इंकार करते हुए खुद प्रधानमंत्री की बात नहीं मानी। इससे नाराज वाजपेयी ने उस दिन नाश्ता नहीं किया और बुलेट प्रूफ केबिन से ही अपना भाषण दिया। सरकार और जनता के बीच की दीवार यूं ही खड़ी रही।

इस बार जब मोदी के प्रथम भाषण में बुलेट प्रूफ केबिन गायब दिखा तो हैरानी के साथ प्रसन्नता भी हुई। मोदी ने फिर एक बार अपनी दृढ़ इच्छा शक्ति का परिचय दिया, जिसके लिए वो जाने जाते हैं। उम्मीद है कि ये सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और देश की सुरक्षा एजेंसियों में लोगों का विश्वास भी बढ़ेगा।

सिर पर राजस्थानी पगड़ी
भारतीय संस्कृति में सिर ढकने का एक विशेष महत्व रहा है। खास मौकों पर तो सिर को विशेषकर ढका जाता है। सिर ढकने का महत्व हर धर्म में माना गया है। हर धर्म में सिर ढकने के अपने-अपने तरीके हैं। हो न हो इसके पीछे कोई वैज्ञानिक आधार होगा। पुराने महापुरुषों के चित्रों को देखें तो ये स्पष्ट हो जाता है कि पहले सिर ढकने का कितना महत्व था। बालगंगाधर तिलक के चित्र को देखकर सोच होती है कि न जाने वो किस तरह अपनी पगड़ी बांधते होंगे। आज वैसी पगड़ी कहीं देखने को नहीं मिलती। भारत में तो हर राज्य की एक विशेष पगड़ी या टोपी होती है। लेकिन फैशन के इस दौर में पगडि़यों का महत्व धीरे-धीरे खत्म होता चला गया। लोगों को टोपी या पगड़ी सिर पर बोझ लगने लगी। यहां तक कि पंजाब में बड़ी संख्या में सिख युवा भी पगड़ी पहनने से परहेज कर रहे हैं। आजादी के बाद लंबे समय तक राजनेताओं की पहचान गांधी टोपी से की जाती थी, लेकिन अब वो भी विलुप्त हो चली है। ज्यादातर नेता अब नंगे सिर ही दिखते हैं।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सेना और पुलिस के जवानों के बीच भी सिर पर विशेष पगड़ी पहनने की परंपरा है, पर लंबे समय से देश के प्रधानमंत्री बिना सिर ढके ही राष्ट्र को संबोधित करते आ रहे थे (हालाँकि इसमें डॉक्टर मनमोहन सिंह अपवाद हैं)। इस बार नरेंद्र मोदी ने राजस्थानी पगड़ी पहनकर एक अच्छी परंपरा शुरू की है। राजस्थानी पगड़ी शौर्य का प्रतीक है। उम्मीद है कि आने वाले सालों में वो अपने सिर पर अन्य राज्यों का भी प्रतिनिधित्व करेंगे।

छोटी-छोटी बातें
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पहले भाषण में साफ-सफाई, शौचालय, समय से आॅफिस आना, मेहनत से काम करने जैसे कुछ छोटे-छोटे मुद्दे उठाए। उन्होंने देश के माता-पिताओं से ये अपील भी करी कि वे जितनी लगाम अपनी बेटियों पर लगाते उतनी अगर अपने बेटों पर लगाएं ताकि देश को बलात्कार जैसी घिनौनी घटनाओं से शर्मिंदा न होना पड़े। देश के प्रधानमंत्री द्वारा इस तरह की अपील लोगों पर निश्चित तौर पर असर छोड़ती है। फिर ये उम्मीद की जा सकती है कि देश इन बातों को गंभीरता से लेगा। क्योंकि अकेली सरकार कभी बदलाव नहीं ला सकती, उसके साथ लोगों का खड़ा होना बहुत जरूरी है।

जय विज्ञान को भूले
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए उनके ‘जय जवान जय किसान’ नारे का जिक्र किया, लेकिन वो अटल बिहारी वाजपेयी के दिये ‘जय विज्ञान’ के नारे को भूल गए। ऐसा उन्होंने सोच समझकर किया या फिर यूं ही भूल गए, ये कहा नहीं जा सकता।

शुक्रवार, 1 अगस्त 2014

रफ्ता-रफ्ता आउट-डेटेड होती जिंदगी

छोटी सी जिंदगी में हम बार-बार आउट-डेटेड हो रहे हैं। कभी मोबाइल के बहाने, कभी टीवी के बहाने, कभी कपड़ों के बहाने, कभी खानपान के बहाने तो कभी अपनी सोच के बहाने। पिछली पीढ़ी को ये सुविधा उपलब्ध नहीं थी, जब उनको आउट-डेटेड कहा जाता था तब तक वे 60 के पार पहुंच जाते थे, पर अब आप टीन एज में भी आउटडेटेड कहलाए जा सकते हैं। हालत ये है कि आप आउट-डेटेड होने से बच नहीं सकते क्योंकि बाजार और टेक्नोलाॅजी आप से दस कदम आगे चल रहा है। बाजार के साथ कदमताल करने के लिए आपकी जेब में दम होना चाहिए। जेब में दम नहीं तो आप बाजार से पीछे तो रहेंगे, लेकिन खुद को सही साबित करने के लिए थोड़ा ज्ञान भी बांचेंगे और आपका ये ज्ञान फिर आपकी आउट-डेटेड सोच का परिचायक बन जाएगा।

नरेंद्र मोदी के प्रचार तंत्र के सामने कांग्रेस का प्रचार तंत्र एकदम आउट-डेटेड साबित हुआ, जैसे स्मार्ट फोन के सामने साधारण मोबाइल फोन आउट-डेटेड होते जा रहे हैं। अब तक शाहरुख खान की डीडीएलजे सबकी जुबान पर थी लेकिन ज्यों ही आलिया भट्ट अभिनीत ‘हम्प्टी शर्मा की दुलहनिया’ आई तो पता चला कि हमारे जमाने का प्यार करने का स्टाइल भी अब आउट-डेटेड हो गया है। शहर के व्यस्ततम चौक पर अपनी पुश्तैनी दुकान को एक शोरूम में तब्दील करके दुकानदारी पर बैठे लालाजी से अगर आप आॅनलाइन शाॅपिंग की बात छेड़ दो तो बुरी तरह फनफना जा रहे हैं और फ्लिपकार्ट, अमेजन, स्नैपडील जैसी साइट्स को जमकर गरियाकर उनका सामान फर्जी बता रहे हैं। पर वो ये स्वीकार करने को कतई तैयार नहीं कि वो और उनका शोरूम अब आउट-डेटेड हो गया है।

तो जी, फिर से बताएं कि खुद को आउट-डेटेड होने से बचाने के लिए आपके बटुए में दम होना जरूरी है। खानपान से लेकर बोलचाल तक, शाॅपिंग से लेकर बैंकिंग तक, मोबाइल से लेकर टीवी, फिल्मों से लेकर सीरियल्स, नेता से लेकर अभिनेता, लाइफस्टाइल से लेकर लविंगस्टाइल तक सब बहुत तेजी से बदल रहे हैं। इस तीव्र गति बदलाव के साथ कदमताल करना एक काॅमन मैन के बस की बात नहीं, इसके लिए सुपर मैन होना जरूरी है। दूसरा फाॅर्मूला ये है कि ‘कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना’ वाले सिद्धांत को आत्मसात करते हुए आप अपनी गति से चलते जाएं और लोगों को अपनी जुबानी खुजली मिटाने का मौका देते रहे।

वैसे तो आपकी जिंदगी की डेट हर रोज आपके हाथ से निकल रही है, लेकिन उससे ज्यादा मतलब नहीं है। असली मतलब इस बात से है कि आप बाजार और टेक्नोलाॅजी के हिसाब से आउट-डेटेड न हो जाएं। वैसे भारतीय संस्कृति की बात की जाए तो हम भारतीयों की प्राथमिकता पर जिंदगी की डेट्स होनी चाहिए, पर एक विकासशील देश की बढ़ती अर्थव्यवस्था की मजबूरियों और अंतर्राष्ट्रीय मानकों को ध्यान में रखा जाए तो राष्ट्र का हित इसी में है कि उसके नागरिक अपना ज्यादा से ज्यादा ध्यान बाजार और टेक्नोलाॅजी के हिसाब से खुद को अपडेट करने पर लगाएं।

हमारे ऋषि-मुनि तो बहुत पहले ही कह गए हैं कि बाबू ये संसार सब माया है ज्यादा चक्कर में मत पड़ना अगर संसार के ज्यादा चक्कर में पड़ोगे तो इह लोक तो खराब होगा ही परलोक भी बिगड़ जाएगा, इसलिए जिंदगी की डेट्स का ध्यान रखना और जितना वक्त इस दुनिया में आए हो प्रभु का भजन करते हुए सत्कर्मों में लगा देना। लेकिन हमारी सरकार और बाजारू ताकतें यही चाहती हैं कि आप खुद को बाजार के हिसाब से अपडेटेड रखें, इसी में देश और विश्व की अर्थव्यवस्था की भलाई है। यदि हर कोई अपनी जरूरतों को कम करके हरि भजन करने लग गया तो संसार की आर्थिक कश्ती डूब सकती है। बीच-बीच में कुछ धर्म धुरंधर बढ़ते उपभोक्तावाद के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद तो करते हैं, लेकिन ध्यान से देखने पर धर्म भी खुद बाजार की गिरफ्त में खड़ा मिलता है।

सो, अंत में गौतम बुद्ध के मध्यम मार्ग का ही सहारा लेना पड़ता है, के भैया इतना भी मत जुटाओ की बाजार के हिसाब से चलकर ईएमआई भरते-भरते कमरिया टूट जाए और इतने भी सिद्धांतों पर अडिग मत रहो कि दीन-हीन की श्रेणी में आ जाओ।

शनिवार, 12 जुलाई 2014

उनके लिए, जिन्हें सरदार की मूर्ति पर ऐतराज है!


आम बजट में सरदार वल्लभ भाई पटेल की मूर्ति के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान होने के बाद सोशल मीडिया पर एक वर्ग तरह-तरह के तर्क देकर स्टैचु आॅफ यूनिटी का लगातार विरोध कर रहा है। हालांकि हर किसी को समर्थन और विरोध का निजी अधिकार है और इस अधिकार को छीना नहीं जा सकता। फिर भी कई बार विरोध केवल इसलिए भी किया जाता है कि आपको विरोध करना ही है। सो, जिन लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विरोध लिया हुआ है, उनको विरोध करने से कोई नहीं रोक रहा, लेकिन क्या ये जरूरी है कि हर उस चीज का विरोध किया जाए जो नरेंद्र मोदी से जुड़ी है।

मुझे ऐसा लगता है कि ये मूर्ति जब बनकर तैयार हो जाएगी तो भारत की गौरव गाथा का हिस्सा बनेगी और इसका विशाल आकार एक नया इतिहास बनाएगा। ये सत्य है कि स्वतंत्रता के बाद से देश लगातार विभिन्न मोर्चों पर संघर्ष करता आ रहा है। गरीबी, अशिक्षा, बेरोजगारी, युद्ध, आतंकवाद, भ्रष्टाचार, प्राकृतिक आपदाएं, कमजोर अर्थव्यवस्था जैसी समस्याओं से जूझते-जूझते, इस तरफ कम ही ध्यान गया कि देश में विशाल स्मारकों या भवनों का निर्माण भी किया जाए। भारत में आज जो भी ऐतिहासिक इमारतें हैं वे या तो हमें भारत के स्वर्णकाल से या फिर फिर मुगलों और अंग्रेजों के शासन काल से विरासत में मिली हैं। आजादी के उपरांत बहुत कम निर्माण ऐसे हुए जो भारतीय शिल्प विद्या का लोहा मनवा सकें।

जिन निर्माणों की भारत में प्रमुखता से चर्चा होती है उनमें एक तरफ कोणार्क मंदिर, जगन्नाथ मंदिर, मीनाक्षी मंदिर जैसी कुछ पौराणिक इमारतें हैं, तो दूसरी तरफ मुगल काल से मिले लाल किला, ताज महल, चार मीनार, बुलंद दरवाजा जैसे निर्माण। इसके अलावा ब्रिटिश राज में बने हावड़ा ब्रिज, राष्ट्रपति भवन, इंडिया गेट, गेटवे आॅफ इंडिया, विक्टोरियल मेमोरियल और संसद भवन जैसी इमारतें हमें अपनी गुलामी काल की याद दिलाते हैं। स्वतंत्र भारत में जो भव्य निर्माण हुए उनमें दिल्ली और अहमदाबाद के अक्षरधाम को छोड़कर कोई ऐसा भव्य निर्माण नहीं नजर आता जिस पर हम गर्व कर सकें।

जब भारत सरकार ने इस बजट में स्टैचु आॅफ यूनिटी और वाॅर मेमोरियल के लिए धन आवंटित किया है, तो कुछ लोग यह कहकर निंदा कर रहे हैं कि भारत जैसे गरीब देश में 200 करोड़ रुपये मूर्ति निर्माण में खर्च करना उचित नहीं है, तो कुछ लोग सरदार की मूर्ति की तुलना मायावती के मूर्ति प्रेम से कर रहे हैं। ये दोनों ही तर्क आधारहीन हैं। मायावती का मूर्ति प्रेम बिल्कुल अलग किस्म का है, मैं उसके विस्तार में जाना नहीं चाहता। और मायावती के पार्कों के निर्माण में जो खर्च हुआ था उसकी तुलना में तो सरदार की मूर्ति का खर्च बेहद छोटा है। दूसरी बात यह कि सरदार की मूर्ति अपने आप में एक विश्वरिकाॅर्ड कायम करने जा रही है और इसके निर्माण के दौरान तो रोजगार का सृजन होगा ही, निर्माण पूर्ण हो जाने के उपरांत भी पर्यटन के माध्यम से हजारों लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। सबसे बड़ी बात ये मूर्ति भारत की बढ़ती शक्ति का प्रतीक बनेगी।

जहां तक बात गरीबी की है तो 200 करोड़ रुपये में हम देश की गरीबी को नहीं मिटा सकते। भारत की अर्थव्यवस्था जिस तरह उभर रही है और जिस तरह की कल्याणकारी योजनाएं पिछली और वर्तमान सरकारों ने चलाई हैं, उसमें से अगर भ्रष्टाचार का पुट हटा दिया जाए तो हाशिए पर पड़े व्यक्ति को सशक्त करने में देश आज सक्षम है। पर हमारी व्यवस्था में लालफीताशाही का जंजाल और भ्रष्टाचार का पेट इतना बड़ा है कि किसी भी योजना का लाभ आम आदमी तक पहुंचते-पहुंचते मरणासन्न स्थिति में पहुंच जाता है। चाहे वह भ्रष्टाचार हो या फिर बेपनाह सरकारी खर्च, असली जरूरत इन गड्ढों को भरने की है, जिनमें देश का करोड़ों रुपया समा जाता है। सरदार की मूर्ति का विरोध करने से देश का कोई भला होने नहीं जा रहा।

बुधवार, 2 जुलाई 2014

ईएमयू ट्रेन का रसास्वादन


वैसे तो हर भारतीय ट्रेन में सफर का अपना अलग अनुभव और रोमांच होता है, लेकिन अगर आपने भारतीय रेल द्वारा चलाए जाने वाली ईएमयू या लोकल सेवा में सफर नहीं किया तो समझिए कि जीवन का एक बड़ा एक्सपीरिएंस मिस किया है। खचाखच भरी लोकल ईएमयू के फर्श पर अपने दो पैरों के लिए जगह बनाने में जो मशक्कत करनी पड़ती है उतनी अगर कोई जीवन के बड़े लक्ष्य को प्राप्त करने में करे तो वो उसे अवश्य हासिल हो जाए। 2005-06 में जाॅब स्ट्रगल के दौरान ईएमयू में सफर का मौका मिला था। जिंदगी आगे बढ़ी और फिर ये मौका नहीं मिला। दिल्ली आने के बाद पिछले दिनों फिर ईएमयू में सफर का अवसर मिला और पाया कि ईएमयू की दुनिया जस की तस है, कोई खास फर्क नहीं पड़ा। सफर के दौरान आप अलग-अलग रसों का आनंद उठाते हुए अपनी मंजिल की ओर बढ़ते चले जाते हैं। ईएमयू में ऐसी तमाम चीजें होती हैं जो आपको विचलित कर सकती हैं, लेकिन अगर आप नजरिया बदलें तो उन चीजों में आपको मजा आने लगेगा। दिल्ली में जिसे ईएमयू कहा जाता है उसे मुंबई में लोकल कहकर पुकारा जाता है। वैसे ईएमयू का अर्थ होता है इलेक्ट्रिक मल्टिपल यूनिट। 

ज्ञान रस
ईएमयू ट्रेन में आपको छोटे-छोटे समूह में बैठी यात्रियों की बहुत बड़ी संख्या समसामयिक विषयों पर बहस करके अपनी ज्ञान क्षुधा को शांत करती दिख जाएगी। यात्रियों के बीच बतियाने के लिए सबसे हाॅट टाॅपिक ‘भारतीय राजनीति का उत्थान और पतन’ होता है। इंदिरा के जमाने से लेकर मोदी के सत्ता हथियाने तक का सफर इन यात्रियों को मुंह जुबानी याद होता है। बहस का स्तर कभी-कभी इतना गहरा हो जाता है कि रवीश कुमार को भी शर्म आ जाए। चुनाव से पहले ये यात्री कांग्रेस के आतंक से परेशान थे तो चुनाव के बाद अब इन्हें मोदी सरकार का कांग्रेसीकरण होता दिख रहा है। कभी बहस का विषय राजनीति से बदलकर महिलाओं पर भी फोकस हो जाता है, उसका स्तर कहां तक जाता है उसका वर्णन नहीं किया जा सकता। गाजियाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाली ईएमयू में कभी-कभी एक हींग-गोली बेचने वाला भी आता है, जो एक डिब्बी गोली यात्रियों के बीच प्रचार करने के लिए यूं ही बांट देता है। इससे उसकी एक-दो डिब्बी बिक जाती हैं। लेकिन उसके जाने के बाद डिब्बे के अंदर जो वायु प्रकोप मचता है उससे न मोदी बचा सकते हैं और न मनमोहन। इससे बचने के लिए सांस रोकने की अच्छी प्रैक्टिस होनी चाहिए जो बाबा रामदेव का प्राणायाम करने से मिलती है।

भक्ति रस
ईएमयू में एक बड़ा ग्रुप उन भक्तों का होता है जो सफर के दौरान भजन गाकर अपना टाइम पास करते हैं। हर ईएमयू से आपको भजनों की आवाज सुनाई देगी। भजन प्रेमी यात्री किसी न किसी कीर्तन समूह से नाता जोड़ लेते हैं। इन समूहों का ग्रुप मैनेजमेंट पर आईआईएम रिसर्च कर सकता है। जहां से टेªन चलती है, वहां मंडली के लोग कुछ सीटें घेरकर दोनों तरफ की खिड़कियों पर अपनी मंडली की झंडी बांध देते हैं। अगले स्टेशनों पर समूह से जुड़े यात्री इन्हीं झंडियों को देखकर पता लगाते हैं कि उनके लोग किस डिब्बे में बैठे हैं और वे उसी डिब्बे में सवार हो जाते हैं। कीर्तन मंडली आधा-पौन घंटे के सफर के लिए भी अपने साथ पूरा तामझाम लेकर चलती है। किसी के बैग से मंजीरे निकलते हैं, किसी के बैग से झांझ, किसी के बैग में ढपली रखी होती है, तो किसी बैग से चालीसा और प्रार्थनाओं की पुस्तिकाएं। कुछ मंडली अपने साथ माइक और स्पीकर सिस्टम भी लेकर चलती हैं। मंडली के लोगों के एक डिब्बे में मिलते ही शुरू होता है संगीत का अखिल भारतीय कार्यक्रम। एक से एक नई तान छेड़ी जाती है, उनका गायन कुछ इसी तरह का होता है कि- न सुर है न सरगम है, न लय न तराना है, भगवान के चरणों में एक पुष्प चढ़ाना है। डिब्बे में बैठे जो भगवत प्रेमी हैं वे भक्ति रस में डूब जाते हैं और जो भजन प्रेमी नहीं हैं वे नाक-भौं सिकोड़कर कान में ईयरफोन लगाकर मोबाइल से पाॅप सुनने लगते हैं। कीर्तन मंडली दिन के हिसाब से भजन गाती है। कीर्तन की शुरुआत गुणपति बप्पा को समर्पित होती है, सोमवार को मंडली बाबा भोलेनाथ को मनाती है, मंगलवार को हनुमान चालीसा का जोरदार पाठ होता है, नवरात्रों को माता रानी की चैकी सजती है, कोई त्योहार आने वाला हो तो उसके हिसाब से अलग भजन, दिल्ली से मेरठ जाने वाली लंबी दूरी की डीएमयू में सुंदरकांड का पाठ किया जाता है। कुछ मंडलियां गायन के साथ-साथ नृत्य का आयोजन भी करती हैं और नृत्य भी ऐसा कि हर कोई देखने को मजबूर हो जाए। ज्यों ही मंडली का पड़ाव आने वाला होता है तो आरती के साथ कीर्तन का समापन किया जाता है। एक कार्यकर्ता पूरे डिब्बे में प्रसाद वितरण शुरू कर देता है। मंगल के दिन बूंदी और बाकी दिन मिश्री से काम चलाया जाता है। डिब्बे में बैठे कुछ भजन प्रेमी इस कार्यकर्ता को दान में कुछ रुपये देते हैं, जिनको अगले दिन का प्रसाद खरीदने या मंडली के लिए संसाधन जुटाने में इस्तेमाल किया जाता है। पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव से एक बार जब इस बारे में शिकायत की गई तो उन्होंने ट्रेन में होने वाले कीर्तन पर ये कहते हुए प्रतिबंध लगाने की बात कही कि इससे डिब्बे में बैठे दूसरे धर्म के लोगों की भावनाएं आहत होती हैं। लेकिन वो इसे अमलीजामा नहीं पहना पाएं, ट्रेन के पहियों की तरह रेलवे कीर्तन का सिलसिला लगातार जारी है।

हास्य रस
जो लोग ये सोचते हैं कि क्रिकेट और वीडियो गेम के जमाने में ताश खेलने का चलन देश से पोलियो की तरह खत्म हो गया है, तो वे बिल्कुल गलत हैं। वे लोग किसी दिन फुर्सत निकालकर दिल्ली की ईएमयू में सफर करें, ईएमयू के हर डिब्बे में उन्हें ताश का वल्र्ड कप खेला जाता नजर आएगा। खेल भी ऐसा कि आसपास वालों को जबरदस्ती अपना दर्शक बना ले। सीट नहीं मिली तो डिब्बे के फर्श पर बैठकर, सीट मिली तो चार लोग आमने सामने बैठे घुटनों पर बैग रखा या रूमाल बिछाया और फिर होने दो दो-दो हाथ। कोई भी चार डेली पैसेंजर आपस में खेलना शुरू कर देते हैं। तकरीबन 70 फीसदी डेली पैसेंजरों के बैग में बाकी कुछ मिले या न मिले पर ताश की गड्डी जरूर रखी मिल जाएगी। खेल के दौरान पत्ता इतनी जोर से फेंका जाता है मानों ओलंपिक के मैदान में भाला फेंक रहे हों, और पत्ता फेंकने के साथ मुंह से विशेष तरह की आवाज या फिर किसी चिरपरिचित गाली की टेक। साथ में ठहाकों की जबरदस्त गूंज।

प्रेम रस
दिल्ली से चलने वाली लोकल ईएमयू में एक बड़ी संख्या उन स्टूडेंट्स की भी होती है गाजियाबाद, फरीदाबाद, अलीगढ़, मथुरा आदि शहरों से अपनी पढ़ाई के लिए रोज अप-डाउन करती है। ये स्टूडेंट्स भी एक ग्रुप बनाकर सफर करते हैं। मोबाइल फोन की मदद से अलग-अलग स्टेशनों से चढ़ने के बावजूद ये सभी पहले से तय डिब्बे में ही बैठते हैं। ट्रेन के अंदर इन स्टूडेंट्स की अपनी एक अलग दुनिया होती है, बातचीत के अपने विषय होते हैं। लेकिन अगर इस ग्रुप अगर लड़कियां भी हों तो पूरे ग्रुप का अंदाज अलग ही होता है। ग्रुप के लड़के, लड़कियों को सुरक्षित महसूस कराने के साथ-साथ अपने मन में उमड़ रही एक तरफा प्यार की हिलोर को भी जाहिर करने का प्रयास करते नजर आते हैं। कुछ लड़के अन्य संसाधन होने के बावजूद जानबूझकर लोकल से इसलिए सफर करते हैं कि उनकी बैचमेट ईएमयू से काॅलेज जाती है। कई बार लोकल ट्रेन की लव स्टोरीज लंबी खिंचती हैं तो कभी सफर के साथ ही खत्म हो जाती हैं। खैर, स्टूडेंट्स के ये ग्रुप पूरी लोकल में सबसे ज्यादा उत्साहित और जीवंत होते हैं। उनकी आंखों में उम्मीदें होती हैं, भविष्य के सपने होते हैं।

मौन रस
ईएमयू में सफर के दौरान सबका अपना-अपना स्टाइल होता है। ईएमयू के सफर में प्रत्येक पैसेंजर को संविधान में मिले तमाम अधिकार और स्वतंत्रता बरतने का पूरा हक होता है। सफर करने का एक मूल नियम ये है कि आप किसी को डिस्टर्ब न करें। अगर आपकी भुजाओं में भीमसेन का दम हो तभी किसी को हिदायत देने का प्रयास करें। कोई कुछ भी कर रहा है उसे वो करने दें, वरना अगर आपने किसी को ज्ञान देने की कोशिश की या नफासत दिखाने की कोशिश की तो पलक झपकते ही आपकी नाक से खून का फव्वारा बहता नजर आएगा। फिर आपकी बाकी जिंदगी लोगों को ये बताने में बीतेगी कि आपकी नाक कैसे टेढ़ी हुई। इसलिए ईएमयू में अगर आप अकेले सफर कर रहे हैं तो तब तक मौन धारण करके रखें जब तक कि आपकी निजता को जबरदस्त रूप से भंग न किया जाए।

मंगलवार, 1 जुलाई 2014

शादी से पहले और चुनाव के बाद!


शादी से पहले
बाॅलीवुड की फिल्मों से प्रेरणा लेकर 16 से लेकर 25 साल की उम्र में परवान चढ़ते प्रेम प्रसंग में प्रेमी रूपी पुरुष की हालत बेहद दयनीय होती है। उसके मन-मस्तिष्क में अपनी प्रियसी को पाने की इतनी तीव्र उत्कंठा घर कर जाती है कि प्रेमिका उसके जीवन का अंतिम लक्ष्य बन जाती है और वो मनसा, वाचा कर्मणा उसे प्राप्त करने की प्रतिज्ञा उठाकर सोता, जागता और विचरता नजर आता है। उसके हृदय की वीणा से निरंतर ऐसे स्वर फूटते हैं जो प्रतिपल उसकी प्रेमिका को आकर्षित कर उसे मंत्रमुग्ध कर देते हैं। इस अवस्था में प्रीतम अपनी प्रियसी के लिए हर वो कर्म करने के लिए तत्पर रहता है, जिससे प्रेमिका प्रसन्न हो। वो प्रेमिका के साथ तमाम सपने देखता और दिखाता है। वादों का ऐसा पहाड़ खड़ा करता है कि प्रेमिका उसकी वादियों में खो जाती है। और एक दिन ऐसा आता है जब प्रेमी अपनी प्रेमिका का पूरा विश्वास जीत लेता है और प्रेमिका उसे वरने के लिए तैयार हो जाती है। खुशी-खुशी दोनों का विवाह संपन्न होता है। सालों से हिलोरे ले रहे प्रेमी के हृदय में हनीमून के ख्याल मात्र से हजारों मयूर नृत्य करने लगते हैं। किसी हसीन से पर्यटक स्थल पर आखिरकार प्रेमी उन पलों का अनुभव करता है जिसका उसे न जाने कब से इंतजार था। प्रेमिका अपने प्रेमी के समक्ष संपूर्ण समर्पण कर देती है। कुछ समय दोनों एक हसीन दुनिया का अनुभव करते हैं। फिर शनैः शनैः समय बीतता है और प्रेमी का प्रेमिका के प्रति आकर्षण कम होने लगता है। प्रेमी के अंदर आ रहे बदलाव प्रेमिका को विचलित करते हैं। वो रह-रह कर प्रेमी को पुरानी बातें पुराने वादे याद दिलाती है, लेकिन प्रेमी हर बार हंस कर टाल देता है। और थोड़े समय में ही वो वक्त आ जाता है जब प्रेमिका को अपने पति से कहना पड़ता है- ‘‘सारे मर्द एक जैसे होते हैं’’!

चुनाव के बाद
देश के महापुरुषों से प्रेरणा लेकर परिपक्व उम्र में परवान चढ़ती राजनीतिक लालसा में सज्जन रूपी नेता की हालत बेहद दयनीय होती है। उसके मन-मस्तिष्क में सत्ता को पाने की इतनी तीव्र उत्कंठा घर कर जाती है कि जनता की वोट उसके जीवन का अंतिम लक्ष्य बन जाती है और वो मनसा, वाचा कर्मणा सत्ता प्राप्त करने की प्रतिज्ञा उठाकर सोता, जागता और विचरता नजर आता है। उसके हृदय की वीणा से निरंतर ऐसे स्वर फूटते हैं जो प्रतिपल आम जनता को आकर्षित कर उसे मंत्रमुग्ध कर देते हैं। इस अवस्था में नेता अपनी प्रिय जनता के लिए हर वो कर्म करने के लिए तत्पर रहता है, जिससे जनता प्रसन्न हो। वो जनता के साथ तमाम सपने देखता और दिखाता है। वादों का ऐसा पहाड़ खड़ा करता है कि जनता उसकी वादियों में खो जाती है। और एक दिन ऐसा आता है जब नेता अपनी प्रिय जनता का पूरा विश्वास जीत लेता है और जनता उसे वोट देने के लिए तैयार हो जाती है। पूरे जोश के साथ चुनाव संपन्न होता है। सालों से हिलोरे ले रहे नेता के हृदय में सत्ता के ख्याल आते ही हजारों मयूर नृत्य करने लगते हैं। एक खूबसूरत कार्यक्रम में शपथ ग्रहण करके आखिरकार नेता उन पलों का अनुभव करता है जिसका उसे न जाने कब से इंतजार था। जनता खुद को अपने नेता के समक्ष समर्पण कर चुकी होती है। कुछ समय नेता और जनता परिवर्तन का सुखद अनुभव करते हैं। फिर शनैः शनैः समय बीतता है और नेता का जनता के प्रति आकर्षण कम होने लगता है। नेता के अंदर आ रहे बदलाव जनता को विचलित करते हैं। वो रह-रह कर नेता को पुरानी बातें पुराने वादे याद दिलाती है, लेकिन नेता हर बार हंस कर टाल देता है। और थोड़े समय में ही वो वक्त आ जाता है जब जनता को अपने नेता से कहना पड़ता है- ‘‘सारे नेता एक जैसे होते हैं’’!

सोमवार, 30 जून 2014

नया मंडी हाउस स्टेशन, नई सुविधाएं


मंडी हाउस स्टेशन के वाॅयलेट लाइन से जुड़ जाने के बाद वहां यात्रियों की संख्या खासी बढ़ गई है। आंकड़ेबाज बता रहे हैं कि राजीव चैक स्टेशन का 40 प्रतिशत भार मंडी हाउस की ओर सरक गया है। स्टेशन का नया हिस्सा सुंदर है और उसका कूलिंग सिस्टम पुराने हिस्से से ज्यादा बेहतर काम कर रहा है। नई चीज ये देखने को मिली कि डीएमआरसी ने दो बड़े-बड़े बोड्र्स पर आपके ज्ञान चक्षुओं को खोलने वाला मंडी हाउस इलाके का इतिहास उकेरा है। उस बोर्ड को पढ़कर ही पता चला कि जिस दूरदर्शन भवन में बैठकर अपन रोजी-रोटी कमा रहे हैं वो कभी मंडी के महाराजा की जागीर थी। इसी स्थान पर उनका भवन था जिसको मंडी हाउस कहा जाता था। 1970 में उनकी ये इमारत गिरा दी गई और दूरदर्शन भवन के निर्माण का रास्ता प्रशस्त हुआ।

इन दो डिस्प्ले बोर्ड्स पर आसपास की अन्य इमारतों जैसे फिक्की हाउस, एनएसडी, श्री राम सेंटर, टैगोर भवन आदि का इतिहास-भूगोल भी लिखा हुआ है। जिंदगी की रेस में शामिल मेट्रो यात्री इन बोड्र्स के पास से गुजरते वक्त अनायास ही रुक जाते हैं और कुछ पल ठहककर अपना ज्ञान वर्धन करते हैं।

इस स्टेशन से मेरे लिए दूसरा आराम ये हो गया है कि अब मुझे आॅफिस तक पहुंचने के लिए हिमाचल भवन वाली सड़क पार नहीं करनी पड़ती, पहले अपनी जिंदगी के दो मिनट मुझे दाएं-बाएं देखने में गंवाने पड़ते थे। अब स्टेशन के अंदर ही अंदर दूसरी तरफ बनी नई एग्जिट से बेड़ा पार उतर जाता है।

नए स्टेशन से तीसरा और सबसे अहम फायदा ये हुआ कि अब मुझे भारी जनसमर्थन मिल गया है। पहले वैशाली से आते वक्त मंडी हाउस स्टेश्न पर उतरने वाला अपने डिब्बे में मैं अकेला या दुकेला यात्री होता था। इसलिए खचाखच भरी मेट्रो में दरवाजे तक पहुंचने में काफी जद्दोजहद करनी पड़ती थी। किसी का पांव कुचलकर या किसी के पेट में कोहनी घुसाकर दरवाजा हाथ आता था। लेकिन अब बदरपुर की ओर जाने वाली बड़ी संख्या मेरे साथ मंडी हाउस उतरती है। ये लोग मेट्रो के दरवाजे पर भीम की तरह खड़े यात्रियों को पीछे ठेलने में काफी सहायक सिद्ध हो रहे हैं। तकरीबन बिना प्रयास के ही आप दरवाजे से बाहर खड़े नजर आते हैं।

तो नया मंडी हाउस स्टेशन मेरे लिए निजी तौर पर ये तीन सुविधाएं लेकर आया है। अब जब तक इधर नौकरी चलेगी सुविधाओं का आनंद लेते रहेंगे। इस बीच कोई नया जुगाड़ हो गया तो झोला उठाकर नई दिशा पकड़ लेंगे।

गुरुवार, 12 जून 2014

शांति से निबटा पहला सत्र पर हंगामा तो होकर रहेगा


संसद का पहला सत्र नई सरकार और नए प्रधानमंत्री के लिए काफी हद तक सफल रहा। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर दो दिन चली बहस में विपक्ष पूरी तरह बंटा हुआ दिखा। संसदीय परंपरा के मुताबिक राष्ट्रपति के प्रति आभार जताते वक्त प्रस्ताव का विरोध नहीं किया जाता और आम राय से इसे पारित कर दिया जाता है। लेकिन फिर भी विपक्ष सरकार द्वारा तैयार किए गए अभिभाषण में मीनमेख निकाल ही देता है। चर्चा के दौरान कांग्रेस ने अभिभाषण को भाजपा का मैनिफेस्टो और चुनावी नारे बताने की कोशिश की, और सरकार को ये भी बताया कि उसने कांग्रेस का माल उठाकर अपनी दुकान में रख लिया है। पर कांग्रेस के वक्ता ये समझाने में विफल रहे कि जब उनकी सोच देश के प्रति इतनी ही अच्छी थी तो उसका क्रियान्वयन क्यों नहीं किया? क्या केवल योजनाएं बना देने से ही देश का भला हो सकता है?

ममता और जयललिता के संसदीय सिपाहियों को सुनकर लगा कि वे संसद में नहीं बल्कि अपनी-अपनी विधानसभाओं में बोल रहे हों। दो दलों के नेता अपने भाषण में धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलने से ज्यादा अपनी-अपनी नेताओं के गुणगान करने में ज्यादा व्यस्त दिखे। दोनों ही पार्टियों ने बातों-बातों में सरकार की तरफ दोस्ती के इशारे भी किये। चार सांसद लेकर संसद पहुंचे सपा के प्रमुख और एक मात्र वक्ता मुलायम सिंह यादव को जब कुछ नहीं सूझ तो उन्होंने बिना किसी ठोस सुबूत के 15 दिन पुरानी सरकार पर महंगाई बढाने का आरोप लगा दिया। आम आदमी पार्टी के वक्ता भी खास असर नहीं छोड़ पाए।

अमूमन बिना व्यवधान के चलने वाले धन्यवाद प्रस्ताव में भी बसपा राज्यसभा को दो बार दस-दस मिनट के लिए मुल्तवी करवाने में सफल रही। शुक्र है कि लोकसभा में हाथी के पास अंडा था इसलिए सदन निर्विघ्न चलता रहा। लोग इससे सीख ले सकते हैं कि संसद का पैसा और समय किस तरह बचाया जाए। वीके सिंह के ट्विीट पर सरकार की थोड़ी किरकिरी जरूर हुई पर अरुण जेटली ने मामले को संभाल लिया। लालकृष्ण अडवाणी और सोनिया गांधी ने चर्चा के दौरान चुप रहना ही बेहतर समझा।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने लोकसभा में और वित्तमंत्री अरुण जेटली ने अपनी कुशल वाक शैली का लोहा मनवाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पहले भाषण बेहद बड़प्पन दिखाते हुए सधी हुई भाषा में बड़े प्यार से पूरे विपक्ष को आइना दिखा दिया।

संसद में होने वाली बहस की सबसे खूबसूरत बात यही है कि हर कोई अपनी-अपनी सहूलियत के हिसाब से किसी भी मुद्दे पर पक्ष और विपक्ष में लामबंद हो जाते हैं। संसद की बहस से कम से कम ये तो सीखा जा सकता है कि कोई भी चीज पूरी तरह सही और गलत नहीं होती। कल तक धुर विरोधी रहे रामविलास पासवान पुरजोर तरीके से प्रधानमंत्री मोदी का पक्ष लेते नजर आए और राजग का अंग रहे जदयू के लिए आज मोदी से बड़ा गुनहगार कोई नहीं। राजनीति कुछ इसी तरह की चीज है कि राजनेता सबसे पहले अपना निजी हित साधते हैं, जब निजी हित सध जाए तो उसे राष्ट्रहित से जोड़ देते हैं। पल-पल अपना स्टैंड बदलने वाले क्षेत्रीय दलों पर ये बात खासतौर से लागू होती है।

हालांकि 2014 का जनादेश देखने के बाद तो लगता है कि लोग नेताओं के रंगों को समझने लगे हैं। कई दलों को शून्य पर लपेटकर जनता ने मौकापरस्ती और भ्रष्टाचार के खिलाफ जबरदस्त गुस्सा जाहिर किया है। लोग 1998 से 2014 तक वाजपेयी और मनमोहन सरकार में टिड्डी दलों की ब्लैकमेलिंग देखते आए थे। राष्ट्रहित के फैसले लेने में भी किस तरह केंद्र सरकार मजबूर दिखती थी, वो मजबूरी के पल अब नहीं दिखेंगे। उम्मीद है कि अच्छे दिन आएंगे!

हालांकि आगे के सत्रों में विपक्ष सरकार का इतना सहयोग नहीं करेगा और हंगामा करने का कोई न कोई रास्ता जरूरत निकालेगा। जब हर स्तर पर मोदी सरकार नए प्रयोग करने के लिए आतुर है तो फिर संसद में समय की बर्बादी रोकने के लिए भी कुछ करना चाहिए। कुछ सुझाव ये भी हो सकते हैं-
  • सरकार और स्पीकर को संसदीय हंगामे पर जीरो टाॅलरेंस की पाॅलिसी अपनाएं।
  • सरकार और विपक्ष के बीच बेहतर तालमेल के लिए किसी भी मुद्दे को सदन में लाने से पहले बाहर चर्चा की जाए।
  • कार्यवाही में व्यवधान पैदा करने वालों और वेल में आने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
  • एक दिन सदन स्थगित कराने पर सांसदों का चार दिन का वेतन काटा जाए, यात्रा भत्ता रद् किया जाए।
  • विवादास्पद मुद्दे सत्र के अंत में लाए जाएं।
  • सबसे ज्यादा हंगामा करने वाले सदस्यों को चिन्हित करके उनके चित्र संसद की वेबसाइट पर जारी किए जाएं।
  • सबसे अनुशासित सांसद के साथ-साथ सबसे गैर अनुशासित सांसद का खिताब दिया जाए।
पिछले दिनों अखबार में खबर पढ़ी कि संसद की कैंटीन में चाय के जबरदस्त सस्ते दाम देखकर नए - नए चुनकर आये एक सांसद ने चुटकी ली कि जब इतनी सस्ती चाय मिले तो सांसद बार-बार टी ब्रेक क्यों न लें। सांसद की इस बात में दम है। संसद की कैंटीन सबसे बेहतरीन भोजन तैयार करने वाली शायद भारत की सबसे सस्ती कैंटीन है। महंगाई को देखते हुए संसदीय कैंटीन की भोजन दरों में दस गुना इजाफा करने की आवश्यकता है। पहले सांसदों को मिलने वाला भत्ता और वेतन बहुत कम हुआ करते थे इसलिए ये सस्ती दरें रखी गई होंगी। लेकिन न तो अब सांसद गरीब हैं और न उनका वेतन कमजोर है। इसलिए संसद की कैंटीन को मुनाफे वाला आय का स्रोत बनाया जाए। सरकार चाहे तो संसद घूमने आने वाले स्टूडेंट्स के लिए सस्ता भोजन परोस सकती है।

चार धाम में यात्रियों का रिकॉर्डः खुशियां मनाएं या चिंता करें

Dainik Bhaskar: 8.10.2026 चार धाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या का हर वर्ष नया रिकॉर्ड बनाना निश्चित रूप से प्रसन्नता का विषय है। यह बढ़ती...