गुरुवार, 13 जून 2013

मोदी के सामने चुनौती

पिछले कुछ दिनों से देश का की राजनीति बेहद तेजी से बदली है। नरेंद्र मोदी के भाजपा प्रचार प्रमुख बनने के बाद राष्ट्रीय राजनीति ने तेजी से करवट बदली है। एक लंबे स्थाई दौर के बाद उठापटक की स्थिति पैदा हो गई। अब इसे मोदी का प्रभाव कहें या फिर समय की जरूरत कि उनके आने की भनक मात्र ने देश की राजनीति को पलट दिया है।

चाहिए 200 का आंकड़ा
2014 के चुनाव में देश का शीर्ष सिंहासन हासिल करने के लिए नरेंद्र मोदी के सामने कई बड़ी चुनौतियां हैं। उनको महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं का ठंडा पड़ा उत्साह एक बार फिर जागा है। उम्मीद बंधी है कि 2014 में पार्टी का बनवास खत्म होगा। लेकिन इस बनवास को खत्म करने के लिए पार्टी को अपनी पूरी ताकत झोंकनी होगी। अगर पार्टी डिवाइडेड हाउस की तरह चुनाव में उतरती है तो फिर वही हाल होगा। एक बात तो साफ है कि अगर 2014 में भाजपा को अपने नेतृत्व में सरकार बनानी है तो उसे कम से कम 180 से 200 सीटें जीतनी होंगी। वहीं अगर कांग्रेस को यूपीए की तीसरी पारी खेलनी हो तो उसका काम 140 सीटों में ही चल जाएगा। 2009 में 115 पर सिमटी भाजपा के लिए 180 का लक्ष्य प्राप्त करना न तो बहुत मुश्किल है और न ही बहुत आसान। अगर मोदी एक ठोस रणनीति बनाने में सफल रहे तो जीत में संशय नहीं है। लेकिन अगर पार्टी अंदरूनी खींचतान में फंसी रही तो जीत में संशय है।

यूपी के पास चाभी
आज भी दिल्ली के दरबार का रास्ता यूपी की तंग गलियों से होकर ही जाता है। शायद मोदी इस बात को समझ गए हैं, और इसीलिए अपने सबसे खास अमित शाह को यूपी का प्रभारी बनाया है। अमित शाह को जिस गर्मजोशी से यूपी भाजपा का समर्थन मिला है उसको देखकर लगता है कि उनके आने से कुछ नया होगा। इसके अलावा पार्टी इस बार अपने तमाम फायर ब्रांड नेताओं के भरोसे यूपी में दमखम आजमाएगी। यूपी से भाजपा के पास इस समय कल्याण सिंह, उमा भारती, वरुण गांधी, योगी आदित्यनाथ, पार्टी प्रमुख राजनाथ सिंह, दिग्गज मुर्ली मनोहर जोशी, मेनका गांधी जैसे जिताऊ नाम हैं। इस बात की पूरी संभावना है कि खुद नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश से लोकसभा का चुनाव लड़ें। और ऐसा करने में पार्टी को फायदा ही फायदा है। पूरी उम्मीद है कि अजीत सिंह अपना राष्ट्रीय लोकदल लेकर फिर भाजपा की गोद में आकर बैठ जाएं। अगर ऐसा हुआ तो भाजपा को जाट वोटों को थोड़ा फायदा तो मिलेगा। लेकिन भाजपा को इस तरह के टिड्डी दलों का सहारा लेने के बजाय खुद अपना जाट नेता तैयार करना चाहिए। इससे पार्टी को दूरगामी परिणाम मिलेंगे। वैसे धीरे-धीरे जाटों का अजीत सिंह से काफी हद तक मोह भंग हो रहा है, लेकिन कोई विकल्प न होने के कारण उनका हाथ थामना मजबूरी है। ऐसे में अजीत सिंह का खाली रहना बहुत जरूरी हैं।

भरत मिलाप कराएं
महाराष्ट्र में लंबे समय से भाजपा-शिवसेना गठबंधन सत्ता से बाहर है। पिछले लोकसभा चुनाव में भी कोई खास परिणाम नहीं मिले हैं। ऐसे में अगर भाजपा-शिवसेना और मनसे अलग-अलग चुनाव लड़ती हैं, तो एक-दूसरे का वोट ही काटेंगी। महाराष्ट्र में ठोस परिणाम हासिल करने के लिए जरूरी है कि मोदी उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे का भरत मिलाप कराएं। स्वर्गीय बाल ठाकरे की भी यही मंशा थी। अगर उद्धव ठाकरे अपने पिता का स्थान लें और राज ठाकरे को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के तौर पर प्रोजेक्ट किया जाए तो महाराष्ट्र से अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। नरेंद्र मोदी, भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता और बाबा रामदेव जैसे अध्यात्मिक नेता अगर दोनों भाइयों को मिलाने का प्रयास करेंगे तो ये भरत मिलाप होना संभव है।

कहां-कहां से उम्मीदें
भाजपा अगर उन सभी राज्यों में मेहनत कर लेती है, जिनमें उसका पुराना जनाधार रहा है तो दिल्ली का रास्ता आसान हो सकता है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक, बिहार ऐसे राज्य हैं जहां अगर पार्टी जमकर मेहनत कर लेती है, तो 200 सीटों का आंकड़ा छुआ जा सकता है।

मीडिया मैनेजमेंट
नरेंद्र मोदी मीडिया के कुछ ज्यादा ही चहेते हैं। मोदी का कोई भी कदम मीडिया के लिए खबर होता है। छोटी-छोटी चीजों में भी मीडिया मोदी के खिलाफ गुबार निकालने के लिए हर वक्त तैयार है। ऐसे में पार्टी को प्रचार के ऐसे तौर-तरीके अपनाने होंगे जो बेवजह मीडिया की धार पर न आएं। खासतौर से विपक्ष के खिलाफ भाषा की मर्यादाओं को बनाए रखना जरूरी है। जैसा कि कहा जाता है कि आम जनता चीजों को बहुत जल्द भूल जाती है। ऐसे में पार्टी को यूपीए के दस सालों का लेखाजोखा फिर से याद दिलाना होगा। इसमें सोशल साइट्स सबसे बड़ी भूमिका निभा सकती हैं।

टिड्डी दलों को परखना जरूरी
1996 के बाद से देश में छोटे-छोटे टिड्डी दलों की ब्लैकमेलिंग जमकर बढ़ी है। वाजपेयी की एनडीए सरकार हो या मनमोहन की यूपीए दोनों की सरकारों ने बार-बार क्षेत्रिय दलों के आगे घुटने टेकने पड़े। ऐसे में अपने साथियों का चुनाव बेहद पारखी नजर से करना होगा। जनता दल यूनाइटेड को एनडीए से अलग होने का खामियाजा 2014 में बुरी तरह भुगतना होगा। जदयू में सबसे ज्यादा नुकसान अगर किसी को होगा तो वो हैं शरद यादव। नीतीश कुमार लगभग दस सालों से बिहार में सत्ता सुख भोग रहे हैं। लेकिन शरद यादव दस सालों से एनडीए के साथ विपक्ष में बैठे हैं। अब जब एनडीए के सत्ता में लौटने की संभावना जागी तो, नीतीश ने गठबंधन भंग करने का राग आलाप दिया। ऐसा करके नीतीश अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मारकर केवल लालू यादव के लिए रास्ता प्रशस्त कर रहे हैं।

चैतरफा अभियान की जरूरत
लोगों तक अपनी पहुंच बनाने और उसको वोट में कन्वर्ट करने के लिए पार्टी अगर चैतरफा अभियान चलाए तो अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। पहले मोर्चे पर पार्टी पूरी एकजुटता के साथ खुद लोगों तक जनसंपर्क करे, दूसरे मोर्चे पर संघ और उसके कार्यकर्ता अभियान चलाएं, तीसरे मोर्चे पर बाबा रामदेव के भारत स्वाभिमान व अन्य सामाजिक संगठनों का सहारा ले और चैथे मोर्चे पर पार्टी एक ई-ब्रिगेड को उतारे, जो इंटरनेट के माध्यम से सोशल साइट्स पर अभियान चलाए। अगर इस तरह का चैतरफा हमला किया जाता है, तो परिणाम सार्थक हो सकते हैं।

गुरुवार, 20 दिसंबर 2012

गुजरात की जीत और भाजपा की सफलता


गुजरात में केशुभाई पटेल की हार के बाद ये चीज फिर से साफ हो गई कि भारतीय जनता पार्टी को छोड़कर जो भी गया वो सफल नहीं हो सका। विचारक गोविंदाचार्य, उत्तर प्रदेश में कल्याण सिंह, मध्यप्रदेश में उमा भारती और अब गुजरात में केशुभाई पटेल इन सभी दिग्गज नेताओं ने भाजपा को छोड़कर अकेले चलने की कोशिश की, लेकिन चल नहीं पाए, बल्कि बुरी तरह विफल हुए। इसके पीछे सब अलग-अलग कारण बता सकते हैं, लेकिन सबसे बड़ा कारण है इन नेताओं का बुनियादी संस्कार। भाजपा के सभी दिग्गजों का बुनियादी संस्कार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से आता है। और ये संस्कार उनको किसी दूसरी पार्टी के अंदर बेचैन कर देता है। भाजपा पर लाख आरोप लगे हों, लेकिन सिद्धांतों के मामले में अभी भी उसकी छवि सबसे अलग है। यही बुनियादी सिद्धांत भाजपा के नेताओं को किसी दूसरी पार्टी में एडजस्ट नहीं करने देते। और अकेले अपनी पार्टी को चला पाना बेहद टेढ़ी खीर है।

जबकि कांग्रेस के मामले में ऐसा नहीं है। कांग्रेस को जिसने भी छोड़ा उसको अच्छी सफलता मिली। ममता बनर्जी और शरद पवार इसके उदाहरण के तौर पर देखा जा सकता है। हालांकि कांग्रेस के बार-बार टूटने, बिखरने और बनने की कहानी बहुत लंबी है। कांग्रेस में से ढेरों कांग्रेस निकलीं, और सबने सफलता प्राप्त की। कांग्रेस इंदिरा, कांग्रेस तिवार, तमिल मनीला कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी आदि ढेरों उदाहरण हैं। जनता बार-बार स्पष्ट कर चुकी है कि भाजपा की सफलता एकजुटता में ही है। लेकिन फिर भी
अंदरूनी स्तर पर पार्टी में चल रहे तमाम मतभेदों पर पार्टी को विचार करना चाहिए।

जनता पार्टी को उसकी स्पष्टता, सिद्धांतों और संस्कारों के लिए पसंद करती है। कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगते हैं तो कोई खास असर नहीं होता, लेकिन भाजपा के किसी नेता पर जब आरोप लगते हैं तो उसका गहरा असर पड़ता है। क्योंकि खुद भाजपा ने सिद्धांतों को लेकर अपनी लड़ाई शुरू की थी। इसलिए खास मुद्दों पर पार्टी को वोट बैंक की चिंता न करते हुए अपना रुख स्पष्ट रखना चाहिए। प्रमोशन में आरक्षण के मुद्दे पर अंदरूनी तौर पर भाजपा के तमाम नेता पार्टी के स्टैंड से नाराज हैं। इस गंभीर मुद्दे पर पार्टी को ढुलमुल रवैया न अपनाकर स्पष्ट रुख रखना चाहिए था। इस तरह की चीजों पर 2014 के चुनावों को देखते हुए भाजपा को गहन चिंतन करने की जरूरत है। मौकापरस्त या वोट बैंक की राजनीति में फंसकर पार्टी को नुकसान ही उठाना पड़ेगा।

रविवार, 26 अगस्त 2012

कितनी हिंदी!


कोस-कोस पर पानी बदले पांच कोस पर वाणी- ये कहावत है तो पुरानी पर भारत पर पूरी तरह लागू होती है। हिंदी कितने प्रकार की हो सकती है इसका अंदाजा आपको भारत के गांवों में जाकर लगेगा। हर गांव की अपनी अलग लोकल हिंदी है, जिसे शहरी लोग गंवारू भाषा कहकर पुकारते हैं। लेकिन इस गंवारू भाषा की अपनी अलग संुदरता है। गांव की इन भाषाओं की लगातार उपेक्षा ने इन्हें विलुप्त होने के कगार पर पहुंचा दिया है। 

मेरा गांव नगला नीडर मुरादाबाद से तकरीबन 15 किलोमीटर दूर है (फिलहाल ये संभल और मुरादाबाद के बीच सीमा सीमा विवाद में फंसा है)। लेकिन मुरादाबाद की हिंदी से इसका दूर-दूर तक कोई रिश्ता नहीं। यहां तक कि हमारे गांव से सिर्फ डेढ़ किलोमीटर दूर खेमपुर गांव की बोली नगला नीडर से बिल्कुल अलग है। लेकिन जब से गांव में टीवी पहुंचा और गांव के कुछ लोग शहर आकर रहने लगे तब से लोगों में शहरी खड़ी बोली बोलने का शौक चर्रा गया। अगर आपने पान सिंह तोमर फिल्म देखी हो तो हमारे गांव की बोली कुछ-कुछ उसकी बोली से मिलती-जुलती है। लेकिन अब गांव के अधिकाश लोग साहित्यिक बोली बोलने की कोशिश करने लगे हैं। खासतौर से नई पीढ़ी। यहां तक कि गांव के कुछ घरों में चाचा-बुआ को अंकल-आंटी कहने का भी चलन चल पड़ा है। इसका सबसे बड़ा कारण है कि गांव से शहर गए लोग जब कभी गांव आते हैं तो उनमें एक अजीब सी इतराहट होती है। ऐसा भी नहीं है कि वे शहर में बहुत बड़े तीर मार रहे हों। शहर के नाम पर वे बस गांव से 15 किलोमीटर दूर मुरादाबाद आकर बस गए हैं और बच्चों को इंग्लिश मीडियम स्कूलों में पढ़ा रहे हैं। उनके इतराने के लिए यही काफी है। गांव आकर अपनी स्वाभाविक हिंदी बोलने के बजाय वो नफासत दिखाते हुए साहित्यिक हिंदी बोलकर दिखाते हैं।

संयुक्त राष्ट्र के मिलेनियम डेवलपमेंट गोल्स में काॅफी अन्नान ने तो इस बात का जिक्र नहीं किया कि विकसित दिखने के लिए आपको अपनी भाषा छोड़नी होगी, लेकिन भारतीय समाज में ये धारणा अंदर तक पैठ बनाए हुए है कि सभ्य होने का मतलब है कि आप नफासत के साथ साहित्यिक भाषा में बात करें और बीच-बीच में इंग्लिश के शब्दों का प्रयोग करें तो और ज्यादा बेहतर होगा। गांव की भाषा पर दूसरा कुठाराघात टीवी और अखबारों ने किया है। गांव-गांव टीवी और अखबार पहुंच जाने से नई पीढ़ी का रहन-सहन और बातचीज का स्टाइल अब यही तय कर रहे हैं। पर है ये अजीब बात कि शहर के लोग दूर के रिश्तों में गर्माहट दिखाने के लिए बच्चों को चाचा, बुआ, मौसी जैसे शब्द कहना सिखा रहे हैं, जबकि गांव में अंकल-आंटी का चलन बढ़ रहा है। और सिर्फ भाषा के स्तर पर ही नहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गांवों में तो कई स्तरों पर बदलाव देखने को मिल रहे हैं। मैं समझता हूं कि हरियाणा और पंजाब के गांव तो पहले ही इन चीजों की चपेट में आ गए होंगे।

हालांकि इन दिनों टीवी पर प्रसारित कई सीरियल्स में लोकल भाषा को जमकर भुनाया जा रहा है। गुजराती, हरियाणवी, राजस्थानी और बिहारी हिंदी पर टीवी सीरियल्स में जमकर प्रयोग हुए हैं और लोगों ने उनको पसंद भी किया है। वैसे ध्यान से देखा जाए तो सीरियल्स को सर्वग्राही बनाने के लिए लोकल भाषा को काफी तोड़ा-मरोड़ा तो गया है, लेकिन लोग फिर भी उन्हें देखना पसंद कर रहे हैं। एक सर्वे रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि अगले 100 सालों में विश्व की कई भाषाएं गायब हो जाएंगी। लेकिन साहित्यिक हिंदी इस खतरे से बाहर है। पर भारत में सबसे बड़ा खतरा गांवों की लोकल हिंदी पर जरूर मंडरा रहा है। तेजी से हो रहे विकास और शहरीकरण की दौड़ में इन रस भरी बोलियां को खत्म होने में मुश्किल से 20 साल भी नहीं लगेंगे। क्योंकि नई पीढ़ी अब टीवी देखकर बड़ी हो रही है। त्योहार मनाना अब घर के बुजुर्ग नहीं बल्कि न्यूज चैनल सिखाते हैं। कपड़ों का लेटेस्ट ट्रेंड क्या है ये भी टीवी ही तय कर रहा है। शहर में रहने वाले लोग और शहरी भाषा ज्यादा सभ्य मानी जाती है। तो कोई भला क्यों अपने को गंवारू कहलवाना पसंद करेगा।


शुक्रवार, 17 अगस्त 2012

हैप्पी इंडिपेंडेंस डे बापू!


प्यारे बापू,


नमस्ते! हम आपको 66वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई देने के लिए पत्र लिख रहे हैं. भारत की आजादी के 65 साल पूरे हो चुके हैं. इतने छोटे से अंतराल में ही व्यवस्था परिवर्तन की मांग उठने लगी है. आपने भारत की आजादी के साथ ही कई बड़े सपने देखे थे, उन सपनों की चुन-चुन कर हत्या कर दी गई है. आपके सिद्धांत और दर्शन किताबों में कैद होकर रह गये हैैं. बापू आज स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हम बताना चाहते हैं कि आपके विचारों की अनदेखी करने से सपनों का हिंदुस्तान नहीं बन पाएगा. वो खुशहाली नहीं आएगी जो स्वतंत्रता संग्र्राम के दिनों में देखी गई थी...

स्वराज्य

स्वराज्य एक पवित्र शब्द है. यह एक वैदिक शब्द है, जिसका अर्थ आत्म-शासन और आत्म संयम है. अंग्रेजी शब्द 'इंडिपेंडेंसÓ अक्सर सब प्रकार की मर्यादाओं से मुक्त निरंकुश आजादी का या स्वच्छंदता का अर्थ देता है. वह अर्थ स्वराज्य शब्द में नहीं है.

-यंग इंडिया, 19-3-1931

बापू सच बताएं तो स्वराज्य की मूल भावना को हम सब भूल गए हैं और वास्तव में हमने स्वछंदता को ही अपना लिया है. देश के छोटे-छोटे नियम कानून मानने में हमें दिक्कत है. लेकिन ये आचरण भी हमने अपने सत्ताधीशों से ही सीखा है.



यूथ ऑफ इंडिया

मेरी आशा देश के युवकों पर है. उनमें से जो बुरी आदतों के शिकार हैं, वे स्वभाव से बुरे नहीं हैं. वे उनमें लाचारी से और बिना सोचे-समझे फंस जाते हैं. उन्हें समझना चाहिए कि इससे उनका और देश के युवकों का कितना नुकसान हुआ है. उन्हें यह भी समझना चाहिए कि कठोर अनुशासन द्वारा नियमित जीवन ही उन्हें और राष्ट्र को संपूर्ण विनाश से बचा सकता है, कोई दूसरी चीज नहीं.

-यंग इंडिया, 9-7-1925

बापू देश का भोला युवा तो परिस्थितियों का शिकार होकर रह गया है. तमाम तरह के दबावों के बीच अधिकांश युवा फ्रस्ट्रेशन की कगार पर हैं. सिगरेट पीना कहीं उनके लिए फैशन है तो कहीं स्ट्रेस से बचने का तरीका.



पंचायती राज

आजादी नीचे से शुरू होनी चाहिए. हर एक गांव में जमहूरी सल्तनत या पंचायत का राज होगा. उसके पास पूरी सत्ता और ताकत होगी. इसका मतलब यह है कि हर एक गांव को अपने पांव पर खड़ा होना होगा- अपनी जरूरतें खुद पूरी कर लेनी होंगी, ताकि वो अपना सारा कारोबार खुद चला सके.

-हरिजन सेवक, 28-7-1946

बापू पंचायती राज तो गांवों को मिल चुका है. लेकिन पंचायती राज के नाम पर गांवों में ऐसी राजनीति घुस गई है कि गांव का ताना-बाना बिखर कर रह गया है. बहुसंख्यक गांव आज पलायन की चपेट में हैं. रंजिशन हत्याएं और आपसी द्वेष चरम पर हैं.


शराब

मैं भारत का गरीब होना पसंद करूंगा, लेकिन मैं यह बरदाश्त नहीं कर सकता कि हमारे हजारों लोग शराबी हों. अगर भारत में शराबबंदी जारी करने के लिए लोगों को शिक्षा देना बंद करना पड़े तो कोई परवाह नहीं, मैं यह कीमत चुकाकर भी शराबखोरी को बंद करूंगा.

-यंग इंडिया, 15-9-1929


 बापू शराब तो आज देश की रगों में खून की जगह दौड़ रही है. सरकार खुलकर शराब की दुकानों के लाइसेंस बांट रही है. गली-गली और गांव-गांव शराब की दुकानें पहुंच चुकी हैं. सच पूछो तो देश में कुछ भी शुद्ध नहीं मिल रहा है, केवल एक शराब के सिवा.


बेरोजगारी

जब तक एक भी सशक्त आदमी ऐसा हो जिसे काम न मिलता हो या भोजन न मिलता हो, तब तक हमें आराम करने या भरपेट भोजन करने में शर्म महसूस होनी चाहिए.

-यंग इंडिया, 6-10-1921

बापू, तमाम तरक्की के बावजूद देश में भयंकर बेरोजगारी और शोषण है. शर्म तो बहुत दूर की बात है, सरकार में बैठे हमारे जनप्रतिनिधि तो भ्रष्टाचार की मलाई उड़ा रहे हैं.

शनिवार, 26 मई 2012

भारत और भारतीयों की बढ़ती शक्ति


मैंने अपने ब्लॉग पर क्लस्टर मैप लगा रखा है जो ब्लॉग पर आने वाले रीडर्स का लेखा-जोखा रखता है. खालिस हिंदी भाषा का मेरा ब्लॉग भारत के अलावा विश्व के कई देशों में पढ़ा जाता है. क्लस्टर मैप को मानें तो भारत के बाद सबसे ज्यादा रीडर्स अमेरिका से हैं, फिर तायवान, यूरोप और ऑस्ट्रिेलिया से. ऐसा नहीं है कि मैं बहुत बड़ा लिक्खाड़ हूं या कोई सेलिब्रिटी हूं. बल्कि सच ये है कि हिंदी के सभी ब्लॉग्स पूरे विश्व में पढ़े जाते हैं. हिंदी के लवर्स और ब्लॉगर्स केवल भारत में ही नहीं बल्कि विश्व भर में फैले हैं. ये हिंदी और हिंदुस्तानियों की बढ़ती शक्ति का प्रतीक है.

जिस तरह से इंडियन डायसपोरा अखिल विश्व में फैल हुआ है उसे देखकर मुझे भारत की बढ़ती जनसंख्या में अब समस्या नजर नहीं आती. अभावों में पैदा हुए भारतीयों ने अपने जिंदगियों को बेहतर बनाने के लिए कमरतोड़ मेहनत की और कर रहे हैं. विदेशों में भी भारतीयों ने अपना परचम लहराकर अपनी काबिलियत एक बार नहीं बार-बार सिद्ध की. चाहे राजनीति हो या उद्योग, आईटी हो या स्पेस टेक्नोलॉजी विदेशों में रह रहे भारतीय हर क्षेत्र में अपना लोहा मनवा रहे हैं.

और ऐसा भी नहीं है कि अप्रवासी भारतीयों ने ये मुकाम यूं ही हासिल कर लिया. उन्होंने तमाम तरह के नस्लभेद और रंगभेद भी झेले हैं और झेल रहे हैं. लेकिन अपनी मजबूत एकजुटता के चलते वे अपना अस्तित्व बचाए हैं. जब भी किसी देश से भारतीयों पर हमले की खबर आती है तो भारत में रह रहे भारतीयों का खून खौल कर रह जाता है. इसलिए नहीं कि भारतीयों में बड़ा प्रेम है, बल्कि इसलिए कि भले ही आपस में एक दूसरे की गर्दन काटें, लेकिन किसी बाहरी ताकत का हमला होने पर हम भारतीय उसके हलक में हाथ डाल देते हैं. ये भारतीयों का नेचर है.

दूसरी चीज भारतीय भारत में भले ही एक-दूसरे की गर्दन काटने को आतुर रहते हों, लेकिन दूसरे देशों की धरती पर वे 'भयंकर' एकजुटता के साथ रहते हैं और एक-दूसरे को प्रोमोट करते हैं. भारत में भले ही वेस्टर्न कल्ट एडॉप्ट किया जा रहा हो, लेकिन अप्रवासी भारतीयों ने भारतीय संस्कृति को बखूबी संजो रखा है. चाहे संयुक्त परिवार संस्था हो या तीज-त्योहार अगर कुछ अपवादों को छोड़ दिया जाए तो मोटेतौर पर अप्रवासी भारतीय अपनी जड़ों से जुड़े हुए हैं. हम भले ही नमस्ते का अर्थ न जानते हों, लेकिन अप्रवासी भारतीयों ने विदेशियों को इसका मतलब बखूबी समझा दिया है. अप्रवासी भारतीय अपनी हर परंपरा, रीति-रिवाज और तीज-त्योहार के पीछे छिपे तर्कों को अच्छी तरह जानते हैं, क्योंकि वहां उन्हें हर चीज के पीछे प्रश्न झेलने पड़ते हैं कि आप बिंदी क्यों लगाते हैं, माथे पर टीका क्यों लगाते हैं, मांग में सिंदूर क्यों भरते हैं वगैराह-वगैराह. भारत में क्योंकि ये प्रचलन है इसलिए न कोई पूछता है और न कोई इस पर ध्यान देता है. लेकिन विदेशियों के सवालों पर अप्रवासी भारतीयों ने अपनी हर परंपरा के पीछे छिपे विज्ञान और तर्क को खोजकर उनका जवाब दिया है. ये एक अच्छा सिग्नल है.

मैंने अब तक जितने भी अप्रवासियों को जाना और पहचाना उससे महसूस हुआ कि अप्रवासी भारतीयों में भारत को शक्तिशाली, विकसित और सुंदर देश के रूप में देखने की तीव्र और सच्ची उत्कंठा है. भारतीयों और भारत सरकार की नजर भले ही अप्रवासियों के धन पर हो, लेकिन अप्रवासी सच्चे दिल से भारत को शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में देखना चाहते हैं. न केवल वे दोनों हाथ खोलकर भारतीय संस्थानों और सामाजिक संस्थाओं में दान देते हैं बल्कि विदेशों में भी वे भारत के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास करते हैं. 

स्वामी विवेकानंद ने 2012 को परिवर्तन का वर्ष बताया था कि इसी साल से भारत एक शक्ति बनकर उभरना शुरू होगा. अतर्राष्ट्रीय मानचित्र पर जो माहौल बन रहा है उसको देखकर लगता भी है कि आने वाले दिनों में भारत विश्व में अहम भूमिका निभाने जा रहा है. और भारत को इस मुकाम पर पहुंचाने में निश्चित तौर पर अप्रवासी भारतीयों की अहम भूमिका होगी.

सोमवार, 21 मई 2012

आईपीएल: समरथ को नहिं दोष गोसांई!

कहते हैं कि क्रिकेट पहले नवाबों का खेल था. कम ही लोग इसे खेलते और देखते थे. लेकिन जब कपिल देव की अगुवाई में भारतीय टीम ने विश्वकप झटका तो एकाएक क्रिकेट राष्ट्र का गौरव बन गया. दूरदर्शन पर लाइव टेलिकास्ट की बदौलत न केवल घर-घर में युवाओं की पसंद बना बल्कि मोहल्ले की गलियों से लेकर घर की छतों तक लघु रूप में खेला जाने लगा. फिर जब सचिन जैसे महान बल्लेबाज का क्रिकेट की पिच पर जन्म हुआ तो क्रिकेट उन बुजुर्गों और महिलाओं की भी पसंद बन गया जिन्होंने कभी बल्ला पकड़ के नहीं देखा था.

क्रिकेट के प्रति लोगों की बढ़ती दीवानगी को देखकर बाजार के मगरमच्छों को इसमें खेल से कुछ ज्यादा नजर आने लगा और खेल-खेल में क्रिकेट दौलत की एक बहती गंगा बन गया. नैतिकता के झंडाबरदारों को उस समय क्रिकेट का व्यवसायीकरण करना ठीक न लगा और उन्होंने नैतिकता के सवाल खड़े किए. पर वो सवाल कान पर जूं की तरह रेंगे और फिसल गए.

फिर क्रिकेट के सफर में तीसरा चरण आया. लाइव टेलिकास्ट में मिनट-मिनट पर विज्ञापन मिलने लगे. खिलाडिय़ों की क्रिकेट से कम और विज्ञापन करने से ज्यादा कमाई होने लगी. नैतिकता के पैरोकारों ने फिर से नाक-भौंह सिकोड़ी, लेकिन फिर से उनकी एक न सुनी गई.

इधर बाजार में बैठे मगरमच्छ इतने से संतुष्ट नहीं थे. वे क्रिकेट की दुधारू गाय को और दूहना चाहते थे कि उसमें दूध का एक भी कतरा न बचे. सो, उन्होंने क्रिकेट में ग्लैमर और टेक्नोलॉजी का तड़का लगा दिया और बन गया आईपीएल. क्रिकेट की मंडी सजाई गई और सात समंदर पार से खिलाड़ी अपनी बोली लगवाने आए. लंबे समय बाद लोगों ने इंसानों को नीलाम होते देखा, लेकिन मॉडर्न जमाने में सब चलता है टाइप बातें कहकर सबने इसे पचा लिया. क्रिकेटरों के हेलमेट, बल्ले, ट्राउजर, जर्सी सब कुछ बिकाऊ हो गया. किसी न किसी ब्रांड ने उनके हर अंग को खरीद लिया. नैतिकता के सिपाहियों ने फिर से हाथ-पांव उछाले पर वे उछलते रह गए और कारवां बढ़ता गया.

आईपीएल दिन दोगनी-रात चौगुनी तरक्की करने लगा. पैसे का गुरूर रह-रहकर बोलने लगा. क्रिकेट अब क्रिकेट न रहकर शराब, शबाब, ग्लैमर, टेक्नोलॉजी, सट्टेबाजी, सेक्स और ड्रग्स की भयानक कॉकटेल बन गया, जो सोना बनकर बरस रहा है. कमाने वाले अपनी थैलियां भर रहे हैं. नेता हों या अभिनेता, वर्तमान क्रिकेटर हों या पूर्व क्रिकेटर, चैनल हों या रेडियो एफएम, अखबार हों या मैग्जीन सबके मुंह में सोना भर दिया गया. तनाव की मारी जनता मैदानों में पहुंचकर और टीवी से चिपककर ये सबूत देती रही कि पब्लिक इसे पसंद करती है. कमाई करने वाले इसी बात की दुहाई देकर मलाई उतारते रहे.

क्रिकेट की इस भयंकर कॉकटेल को जो भी पिएगा तो उसके कदम थोड़े बहुत तो बहकेंगे ही न. क्या हुआ जो रईस शाहरुख ने गरीब गार्ड से बद्तमीजी की, गरीब की कैसी इज्जत. क्या हुआ जो रेव पार्टी में खिलाड़ी पकड़े गए, आखिर पैसा कमाया तो खर्च भी तो करना पड़ेगा. क्या हुआ जो एक मॉडल से माल्या के लड़के और अजीब से नाम वाले एक खिलाड़ी ने छेड़खानी की, नशे में छोटी-मोटी गलतियां हो ही जाती हैं. फिक्सिंग को तो गलत मानना ही नहीं चाहिए, आईपीएल में नहीं कमाएंगे तो कहां कमाएंगे.

मैं एक बार कपड़े की दुकान में गया तो वहां पर एक स्टिकर चिपका देखा, जिस पर लिखा था- "फैशन के इस दौर में गारंटी की इच्छा न करें". शायद यही बात आईपीएल पर भी लागू होती है कि- "पैसे की इस दौड़ में नैतिकता की इच्छा न करें".

रविवार, 20 मई 2012

एक गर्म चाय की प्याली हो...


मोंटेक सिंह आहलुवालिया का ये आश्वासन कि अगले साल अप्रैल में चाय को राष्ट्रीय पेय घोषित कर दिया जाएगा, आश्वासन ही रह गया। केंद्र सरकार फिलहाल चाय को ये दर्जा न देने का मन बना चुकी है। मोंटेक के आश्वासन के बाद साफ लगने लगा था कि चाय राष्ट्रीय पेय बन जाएगी. लेकिन केंद्र सरकार ने चाय को ये दर्जा देने पर खड़े होने वाले संभावित विवादों को पहले ही ताड़ लिया और ये फैसला टाल दिया.

चाय को राष्ट्रीय पेय बनाने पर सवाल यही उठता कि आखिर चाय ही क्यों? देश में हजारों तरह के पेय हैं, सब के सब एक से बढ़कर एक, तो फिर चाय ही क्यों? पंजाब वाले लस्सी लेकर आ जाते, हरियाणे वाले दूध लेकर खड़े हो जाते, जम्मू कश्मीर वाले कहवा को लेकर शोर मचाने लगते, यूपी वाले छाछ की बाल्टी लेकर दस जनपथ पहुंच जाते, गुजरात की पूरी श्वेत क्रांति दिल्ली पहुंच जाती, दक्षिण वाले कॉफी की प्याली फूंकने लगते, बाबा रामदेव एलोवेरा जूस के पक्ष में आवाज उठाते, सारे क्रिकेटर पेप्सी-कोक को राष्ट्रीय पेय बनाने पर अड़ जाते, दारूबाज पियक्कड़ शराब को भी यही दर्जा देने की मांग करने लगते, चाय के खिलाफ स्वदेशी और राष्ट्रवादी आंदोलन खड़े हो जाते और न जाने क्या-क्या हो सकता था? सो, केंद्र सरकार के किसी समझदार सचिव ने अपनी तजुर्बेकार आखों पर चढ़े चश्में के लेंस से दूरदृष्टि का प्रयोग करके इन संभावित खतरों को देख लिया होगा और सरकार से इस जोखिम को न उठाने की सलाह दी होगी। 

हालांकि मोंटेक सिंह के आश्वासन के बाद चाय उत्पादकों ने उत्सव सा मनाना शुरू कर दिया था। लेकिन सरकार की न-नुकुर के बाद सब फुस्स हो गया। चाय को राष्ट्रीय दर्जा मिलने पर बीबीसी हिंदी भी कुछ कम खुश नहीं था। बीबीसी ने तो भारत में चाय के अच्छे उत्पादन के पीछे ब्रिटेन की औपनिवेशिक नीतियों की पीठ भी थपथपानी शुरू कर दी और बारे में इतिहास खंगालू लेख भी लिख डाले। बीबीसी के मुताबिक 2011 में 85 करोड़ किलोग्राम चाय की खपत देश में ही हो गई। अगर चाय के प्रति भारतीयों की दीवानगी ऐसी ही चलती रही तो भारत को आने वाले समय में चाय का आयात करना पड़ सकता है।

वैसे सच है कि देश में चाय एक नशा बन चुकी है। कहते हैं कि इंडिया में एवरी टाइम इज टी टाइम, यानि यहां चाय का कोई समय नहीं, जब चाहो, जहां चाहो। घर में कोई मेहमान आए उसकी लाख खातिरदारी कर लीजिए, लेकिन अगर चाय न पिलाई तो भाड़ में गई सब खातिरदारी। सरकारी मीटिंग हो या ट्रेड यूनियन की मीटिंग चाय के बिना अधूरी। ठेठ राष्ट्रवादी और स्वदेशी के झंडाबरदार तमाम नेताओं की जिंदगी का आधार भी चाय ही है। सुबह से शाम तक सात्विक भोजन पर प्रवचन देने वाले संतों के आश्रमों में भी चाय का दबदबा कायम है। कई मंत्री तो चाय के नाम पर ही सालाना लाखों डकार जाते हैं। किसी सरकारी विभाग में काम कराने जाओ तो क्लर्क रिश्वत की जगह चाय-पानी के लिए पैसे मांगता है। लड़की का रिश्ता तय होता है तो वो अपने संभावित ससुराल वालों के सामने चाय की ट्रे लेकर ही प्रकट होती है। रेलवे स्टेशन पर फेरी वाले की अंतडिय़ों से निकलने वाली चाय-चाय की आवाज न हो तो काहे का स्टेशन। कुछ लोगों को अगर उनकी पत्नी सुबह-सुबह चाय ने दे तो उनका पेट हल्का नहीं हो पाता। कहानीकार और पत्रकार न जाने कितने किस्से कहानियां चाय के खोखे पर ही बनाते हैं। भारत में चाय की महिमा अपरंपार है। लिखते-लिखते लव हो जाए। लेकिन इस महिमा मंडन के चलते चाय को राष्ट्रीय पेय बना दिया जाए, तो ये बात कुछ हजम नहीं होती।

चार धाम में यात्रियों का रिकॉर्डः खुशियां मनाएं या चिंता करें

Dainik Bhaskar: 8.10.2026 चार धाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या का हर वर्ष नया रिकॉर्ड बनाना निश्चित रूप से प्रसन्नता का विषय है। यह बढ़ती...